Brihaspati Gochar 2026: बृहस्पति का गोचर! 2 जून को ऐसे कमाएं जीवन का सबसे बड़ा पुण्य – Brihaspati gochar 2026 do June ki roti guru transit in kark rashi daan upay tvisu


इस साल 2 जून की तारीख कई मायनों में खास होगी. एक तरफ यह दिन जीवन में रोटी की अहमियत की याद दिलाएगा. वहीं दूसरी ओर इस दिन साल का सबसे बड़ा गोचर भी होने वाला है. हिंदू पंचांग के अनुसार, 2 जून को देवगुरु बृहस्पति कर्क राशि में गोचर करने वाले हैं. ज्योतिषविदों का कहना है कि इस दुर्लभ संयोग में एक अच्छा काम करके जीवन का सबसे बड़ा पुण्य कमाया जा सकता है. आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं.

2 जून की रोटी… इस मुहावरे का भावार्थ यह है कि जिन लोगों को दो वक्त की रोटी नसीब होती है, वो बहुत भाग्यशाली होते हैं. लेकिन गरीबी और बदहाली में जीने वाले हर आदमी को दो वक्त की रोटी नसीब होती कहां है. इसलिए 2 जून को अगर आप किसी गरीब के पेट की भूख शांत करने का माध्यम बनें तो इससे बड़ा पुण्य का काम और क्या हो सकता है. शास्त्रों में भी इसे सबसे बड़ा पुण्य बताया गया है.

यदि संभव हो तो 2 जून को गरीबों, मजदूरों, वृद्धजनों या जरूरतमंद लोगों को भोजन करवाएं. खाने की चीजों का दान करें. आप घर में बनी रोटियां, दाल, सब्जी या सादा भोजन भी प्रेम भाव से गरीब लोगों को दान कर सकते हैं. इस दिन आप गरीबों में जितना ज्यादा दान करेंगे, उतना ज्यादा पुण्य आपको मिलेगा. लेकिन ध्यान रहे कि इस दान का लाभ आपको तभी मिलेगा, जब वो सही और जरूरतमंद हाथों में पहुंचेगा.

ज्येष्ठ की गर्मी में इन चीजों का करें दान
ज्येष्ठ मास चल रहा है और इस महीने गर्मी अपने चरम पर रहती है. ऐसे में प्यासे लोगों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था, मिट्टी के घड़े दान, छाछ, शरबत या जलयुक्त फलों का दान करना भी पुण्यदायी माना जाता है. इन दिनों सड़क किनारे राहगीरों के लिए जल सेवा की व्यवस्था जरूर करें. आप तरबूज, खरबूजा जैसे जलयुक्त फल और गन्ने के रस का भी वितरण कर सकते हैं. आप पशु-पक्षियों के लिए भी पानी पीने की व्यवस्था कर सकते हैं.

बृहस्पति से जुड़ी चीजों का दान
2 जून को साल का सबसे बड़ा ग्रह राशि परिवर्तन करने वाला है. ऐसे में आप इस ग्रह से जुड़ी चीजों का दान भी कर सकते हैं. बृहस्पति के लिए पीली चीजों का दान करना शुभ माना जाता है. इस दिन आप पीली मिठाई या पीले फलों का दान कर सकते हैं. इसके अलावा चने की दाल, साबुत हल्दी, आम, केला, अनानास, खिचड़ी या बेसन से बनी चीजों का दान कर सकते हैं.

—- समाप्त —-


Leave a Comment