ENG W vs IND W Test: क्रांति गौड़ ने इंग्लिश टीम को बैकफुट पर धकेला, दूसरे दिन भारत ने बनाई 269 रन की बढ़त


जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। लार्ड्स में खेले जा रहे ऐतिहासिक टेस्ट में दूसरे दिन तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ की धारदार स्विंग के दम पर इंग्लैंड की महिला टीम बैकफुट पर आ गई। भारत के 285 रन के जवाब में मेजबान इंग्लैंड टीम 170 रन पर ढेर हो गई।

इसमें क्रांति ने 37 रन देकर पांच विकेट झटके। दूसरे दिन का खेल खत्‍म होने तक भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 1 विकेट खोकर 154 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम के पास 269 रन की बढ़त है।

ब्रंट और जोंस ने लगाई फिफ्टी

इंग्लैंड के लिए कप्तान नेट साइवर ब्रंट (44) और विकेट कीपर एमी जोंस (52) के अलावा अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सकीं। भारत के लिए गौड़ के अलावा सयाली सतघरे और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए, वहीं ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी एक विकेट मिला।

 

 

क्रांति ने किया कमाल

भारत की गेंदबाजों ने दूसरे दिन लंच तक ही इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम को लगभग धवस्त कर दिया था, जब मेजबान टीम 137 रन पर ही पांच विकेट गंवा चुकी थी। इसमें क्रांति तीन विकेट ले चुकी थीं, वहीं लंच के बाद कप्तान साइवर सहित इंग्लैंड की अन्य चार बल्लेबाजों को भारतीय टीम ने 33 रन के भीतर ही पवेलियन भेज दिया।

लंच से पहले साइवर और एमी जोंस ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करके भारतीय गेंदबाजों का काफी हद तक डटकर सामना किया और एक समय लगा कि इससे इंग्लैंड की मैच में वापसी हो सकती है, लेकिन स्नेह राणा ने जैसे ही जोंस को आउट किया, इंग्लैंड की यह उम्मीद भी टूट गई।

इंग्लैंड ने सुबह एक विकेट पर 21 रन से आगे खेलना शुरू किया। क्रांति ने दिन के दूसरे ओवर में माइया बूचियर (23 रन) और इसके बाद एलिस कैप्से (9) को अपना शिकार बनाया।

मंधाना ने फिर लगाया अर्धशतक

दूसरी पारी में बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 42 ओवर में 1 विकेट खोकर 154 रन बना चुकी है। भारत को शेफाली वर्मा के रूप में पहला झटका लगा। 7 चौकों की मदद से शेफाली ने 55 गेंदों पर 33 रन बनाए। इसके बाद स्‍मृति मंधाना ने अर्धशतक लगाया। यास्तिका भाटिया उनका साथ दे रही हैं। स्‍टंप तक मंधाना 124 गेंदों पर 69 रन और भाटिया 73 गेंदों पर 39 रन बनाकर नाबाद हैं।





Leave a Comment