इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी-20 मैच में भी भारत को शिकस्त मिली। 56 रनों से मुकाबला हारने के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज 4-0 से गंवा दी। इतिहास में पहली बार हुआ है जब भारत ने किसी टी-20 सीरीज या टूर्नामेंट में 4 मैचों में हार झेली है। यह कलंक अय्यर की कप्तानी में लगा है।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी-20 मैचों की अंतरराष्ट्रीय शृंखला के पांचवें और आखिरी मैच में मिली हार के साथ अय्यर आर्मी ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया इससे पहले इतिहास में कभी इतनी बुरी तरीके से किसी भी सीरीज या टूर्नामेंट में नहीं हारी थी। भारत अपने टी-20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार 3 या उससे अधिक मैचों की सीरीज या टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं जीत सका है। साथ ही टीम इंडिया ने अब किसी भी सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हार का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। भारत इससे पहले कभी भी किसी टी-20 सीरीज या टूर्नामेंट में चार मैच नहीं हारा था। यह टीम इंडिया के लिए शर्मनाक है और ऐसा कलंक श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगा है।
किसी भी टूर्नामेंट या सीरीज में सबसे ज्यादा मैच हारने का रिकॉर्ड भारत ने इस सीरीज में बनाया है। पांच मैचों की सीरीज में चार मैच हार गया है। एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा था। इससे पहले टीम इंडिया ने किसी सीरीज या टूर्नामेंट में अधिक से अधिक तीन हार प्राप्त की थी। भारत पहली बार साल 2009 के टी-20 विश्व कप में जो इंग्लैंड में खेला गया था 3 मैच हारा था। तब महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के कप्तान थे। इसके बाद भारत को साल 2010 के टी-20 विश्व कप में भी जो वेस्टइंडीज में खेला गया था, 3 मैचों में हार मिली थी। साल 2023 में वेस्टइंडीज में टीम इंडिया 3 मैच एक सीरीज में हारकर आई थी। आंकड़ों से साफ है कि 2009-10 में जब भारत की टीम काफी कमजोर नजर आती थी, तब भी इतनी बुरी गत से नहीं हारी थी जैसा इंग्लैंड ने 2026 में सूपड़ा साफ किया है।
एक T20I सीरीज/टूर्नामेंट में भारत की सबसे ज्यादा हार
इंग्लैंड 2026 में 4
WT20 2009 (इंग्लैंड) में 3
WT20 2010 (वेस्ट इंडीज़) में 3
वेस्ट इंडीज 2023 में 3
मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 257 रन बना दिए और 258 रनों का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना सकी और मुकाबले को 56 रनों से हार गई।