स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को लॉर्ड्स पर खेला जाने वाला तीसरा और आखिरी वनडे मैच काफी अहम होने जा रहा है। इस समय सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। ऐसे में जो टीम ये मैच अपने नाम करेगी वो सीरीज भी ले जाएगी। टी20 में पिटने के बाद भारत नहीं चाहेगा कि वनडे में भी वह सीरीज से हाथ धो बैठे। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर को अहम फैसले लेने होंगे।
इस मैच पर सभी की नजरें इसलिए भी हैं क्योंकि इसे रोहित शर्मा के करियर का आखिरी मैच कहा जा रहा है। हालांकि, बीसीसीआई सचिव ने इस बात से साफ इनकार कर दिया है, लेकिन अटकलें आने के बाद फैंस को तब तक राहत नहीं मिलेगी जब तक ये मैच खत्म नहीं हो जाए। देखना होगा कि इसके बाद क्या फैसला सामने आता है।
राहुल की होगी वापसी
कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में भारत को एक बदलाव मजबूरी में करना पड़ा था। केएल राहुल बीमार हो गए थे और उनकी जगह ईशान किशन आए थे। अगर राहुल ठीक हो गए होंगे तो फिर उनका खेलना तय है और ईशान बाहर जाएंगे। बल्लेबाजी में तो कोई और बदलाव की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। रोहित और गिल का ओपन करना पक्का है और तीसरे नंबर पर इन फॉर्म विराट कोहली हैं। फिर श्रेयस अय्यर का नंबर है। इसके बाद के तीन स्थान राहुल, अक्षर पटेल और शिवम दुबे के बीच अदली-बदली होते रहेंगे।
कुलदीप की होगी वापसी
आखिरी मैच में गिल अपने दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव को मौका दे सकते हैं। कुलदीप का न होना टीम को अखरा है। कुलदीप विकेट निकालने में माहिर हैं और मध्य के ओवरों में रन भी रोकते हैं। उनकी जगह अभी तक खेल रहे वॉशिंगटन सुंदर ने प्रभावित नहीं किया है। न बल्ले से न गेंद से। दूसरे मैच में तो उन्हें एक भी ओवर नहीं दिया गया था। ऐसे में कुलदीप अगर आते हैं तो बेशक बल्लेबाजी गहराई कागजों पर कम होगी, लेकिन हकीकत में गेंदबाजी ज्यादा मजबूत होगी।
भारत की संभावित प्लेइंग-11:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG 3rd ODI Live Streaming: क्या बदल जाएगा आखिरी मैच का समय? जानिए कैसे ले सकते हैं इस मुकाबले का लुत्फ
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: किंग कोहली नहीं, शुभमन गिल ने जो रूट को बताया चेज मास्टर; वॉशिंगटन सुंदर के लिए बने रक्षा कवच