
Kashipur News: आर्मी डिपो में सईस पद पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 2.95 लाख रुपये की ठगी के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर

Kashipur News: काशीपुर, संवाददाता। आर्मी डिपो में सईस पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.95 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला एसएसपी के आदेश पर दर्ज किया गया। पांडेय कॉलोनी, गोपीपुरा निवासी सुनील कुमार पुत्र स्व. छोटे लाल ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग समेत विभिन्न अधिकारियों को भेजी शिकायत में आरोप लगाया कि कमांडेंट रिमाउंट ट्रेनिंग स्कूल एवं डिपो, हेमपुर में स्टेबल सफाईवाला के पद पर कार्यरत हरकेश मीना ने वर्ष 2024 में उसे डिपो में सईस पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपी ने दावा किया कि उसकी आर्मी के एक बड़े अधिकारी से अच्छी पहचान है और उसी के माध्यम से भर्ती कराई जाएगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी की बातों पर विश्वास कर उसने वर्ष 2024 में 95 हजार रुपये ऑनलाइन और दो लाख रुपये नकद दिए। तय समय तक नौकरी नहीं मिलने पर जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि जिस अधिकारी के नाम पर भरोसा दिलाया गया था, वह अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सुनील कुमार का कहना है कि उसने पहले प्रतापपुर पुलिस चौकी में भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी हरकेश मीना के खिलाफ बीएनएस की धारा 420, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।