NTA New Vacancy: देशभर में पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर हजारों स्टूडेंट्स सड़कों पर हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने जेईई, नीट, यूजीसी नेट और सीयईटी यूजी जैसी बड़ी परीक्षाएं आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) बड़ा बदलाव किया है। एनटीए के 47 अधिकारियों को हटाया गया है और नई भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं।

NTA, NEET UG, JEE Main और CUET समेत लगभग 15 से 20 राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित करती है, जिससे यह भारत की सबसे बड़ी परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं में से एक बन गई है। प्रस्तावित बदलावों का मकसद सिर्फ कुछ कर्मचारियों को इधर-उधर करना नहीं, बल्कि एजेंसी का बुनियादी तौर पर पुनर्गठन करना है। इसी के तहत नए पदों पर आवेदन भी मांगे गए हैं।
UPSC के जरिए होगी एनटीए में भर्ती
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सीनियर प्रोफेशनल्स की भर्ती की घोषणा की है और UPSC प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए यंग प्रोफेशनल्स से आवेदन मांगे हैं। इस कदम का मकसद एजेंसी की परीक्षा प्रणाली को मजबूत करना है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, ये नियुक्तियां प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञों की उच्च-स्तरीय समिति द्वारा सुझाए गए सुधारों को लागू करने की दिशा में पहला बड़ा कदम हैं। इस भर्ती में जनरल मैनेजर के चार पद और यंग प्रोफेशनल के 16 पद शामिल हैं, जो एजेंसी के अलग-अलग कामकाज में मदद करेंगे।
NTA में सीनियर प्रोफेशनल पद
NTA ने शुरुआती तीन साल की अवधि के लिए कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर जनरल मैनेजर के चार पदों की घोषणा की है। इन सीनियर-लेवल पदों का मकसद एजेंसी के एकेडमिक, ऑपरेशनल, टेक्नोलॉजिकल और विजिलेंस (सतर्कता) कार्यों में सुधार करना है।
NTA भर्ती 2026: पद और जिम्मेदारी
| पद का नाम | जिम्मेदारी |
| जनरल मैनेजर (असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट और साइकोमेट्रिक्स) | असेसमेंट के तरीके, क्वेश्चन बैंक, नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया तैयार करने और कंप्यूटर-एडेप्टिव टेस्टिंग और AI-असिस्टेड असेसमेंट जैसी एडवांस्ड टेस्टिंग तकनीकें शुरू करने के लिए जिम्मेदार होंगे। |
| जनरल मैनेजर (टेस्ट सेंटर नेटवर्क और ऑपरेशन्स) | पूरे भारत और चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय जगहों पर NTA के परीक्षा केंद्रों के नेटवर्क की देखरेख करेंगे। वे क्वालिटी स्टैंडर्ड, एक्सेसिबिलिटी और परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करेंगे। |
| जनरल मैनेजर (इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी) | एजेंसी के चीफ इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर के तौर पर काम करेंगे और साइबर सिक्योरिटी, डेटा प्रोटेक्शन और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट, 2023 सहित संबंधित कानूनों का पालन सुनिश्चित करेंगे। |
| जनरल मैनेजर (विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन और फोरेंसिक) | विजिलेंस गतिविधियों की देखरेख करेंगे, परीक्षा में गड़बड़ी की जांच करेंगे और जरूरत पड़ने पर कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाएंगे। |
NTA यंग प्रोफेशनल्स भर्ती
NTA ने पहली बार UPSC प्रतिभा सेतु पोर्टल के जरिए 16 यंग प्रोफेशनल्स से आवेदन मांगे हैं। यह मौका उन उम्मीदवारों के लिए है जो सिविल सेवा परीक्षा में शामिल हुए थे और UPSC ‘प्रतिभा सेतु’ प्लेटफॉर्म पर लिस्टेड हैं। इनमें
खाली पदों की डिटेल्स
- एकेडमिक रिसर्च: 12 पद
- लीगल रिसर्च: 2 पद
- फाइनेंस और अकाउंट्स: 2 पद
- कुल वैकेंसी – 16
कौन आवेदन कर सकता है?
| पद का नाम | योग्यता |
| जनरल मैनेजर (असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट और साइकोमेट्रिक्स) | साइकोमेट्रिक्स, एजुकेशनल मेजरमेंट या स्टेटिस्टिक्स में पीएचडी और 12 साल का अनुभव होना चाहिए। इसमें पांच साल तक सीनियर लीडरशिप रोल का अनुभव भी शामिल है। |
| जनरल मैनेजर (टेस्ट सेंटर नेटवर्क और ऑपरेशन्स) | कम से कम 200 सेंटर्स के नेटवर्क या संचालन मैनेजमेंट में सीनियर स्तर का अनुभव होना चाहिए। |
| जनरल मैनेजर (इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी) | 12 साल का साइबर सिक्योरिटी एक्सपीरियंस (5 साल सीनियर पद पर), CISSP, CISM या CISA जैसे सर्टिफिकेशन होना चाहिए। |
| जनरल मैनेजर (विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन और फोरेंसिक) | जांच, सतर्कता या लॉ इंफोर्समेंट में कम से कम 15 साल का अनुभव मांगा गया है। |
| यंग प्रोफेशनल्स | संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की भर्ती परीक्षाओं जैसे सिविल सेवा, वन सेवा, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (AC), इंजीनियरिंग सेवा, सीडीएस मेडिकल सर्विस एग्जाम आदि की परीक्षा में शामिल हुए और इंटरव्यू तक पहुंचे लेकिन फाइनल मेरिट लिस्ट में रिकमंड नहीं हुए थे। सभी उम्मीदवार यूपीएससी ‘प्रतिभा पोर्टल’ पर रजिस्टर्ड होने चाहिए। |
बता दें कि चुने गए उम्मीदवारों को एकमुश्त मासिक वेतन मिलेगा और उन्हें शुरू में 24 महीनों के लिए रखा जाएगा, जिसे उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर 36 महीनों तक बढ़ाया जा सकता है। एजेंसी ने विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों को नई सूची में शामिल करने के लिए ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ (रुचि की अभिव्यक्ति) भी जारी किया है।
NTA का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को बेहतर बनाते हुए अपने शैक्षणिक मानकों, परीक्षा प्रक्रियाओं, साइबर सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूत करना है।
