नई दिल्ली, पीटीआई। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने तीन क्रिकेट स्टेडियमों को बिना उसकी मंजूरी के कोई भी खेल गतिविधि आयोजित करने से रोक दिया है। ट्रिब्यूनल ने कहा कि सेंट्रल ग्राउंड वाटर अथारिटी और ट्रिब्यूनल की ओर से ग्राउंड वाटर के इस्तेमाल के बारे में नोटिस मिलने के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
अंतरिम आदेश के अनुसार, शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम (रायपुर), सवाई मानसिंह स्टेडियम (जयपुर) और डी वाई पाटिल स्टेडियम (मुंबई) को अगली सुनवाई की तारीख तक ट्रिब्यूनल की मंजूरी के बिना स्टेडियम में कोई भी खेल गतिविधि जारी रखने से रोका गया है।
इस मामले में आगे की कार्यवाही के लिए 17 अगस्त की तारीख तय की गई है। एनजीटी ने यह अंतरिम आदेश उस मामले में दिया है, जिसमें क्रिकेट ग्राउंड के रखरखाव के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के ट्रीटेड पानी के बजाय ग्राउंड वाटर या ताजे पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था।