राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल (एक्जीक्यूटिव) पुरुष एवं महिला भर्ती परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीई), शारीरिक माप परीक्षण (एमटी) तथा दस्तावेज सत्यापन (डीवी) के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का आयोजन 18 दिसंबर 2025 से छह जनवरी 2026 तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा कई दिनों और अलग-अलग पालियों में आयोजित होने के कारण प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में संभावित अंतर को संतुलित करने के लिए नार्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई गई। इसी प्रक्रिया के आधार पर अंतिम अंक निर्धारित कर परिणाम तैयार किया गया है।
सफल अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा। इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक माप परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन शामिल हैं। इन चरणों में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन सूची में स्थान मिलेगा।
सीएचएसएल-2025 में 22 तक भरनी होगी पोस्ट एवं विभागीय प्राथमिकता
एसएससी ने संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर (सीएचएसएल) परीक्षा-2025 के टियर-दो में शामिल सभी अभ्यर्थियों के लिए पोस्ट एवं विभागीय प्राथमिकता (आप्शन-कम-प्रेफरेंस) भरना अनिवार्य कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को 22 जून की शाम छह बजे तक अपनी पसंदीदा पोस्ट और विभाग का चयन करना होगा।
निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी पोस्ट एवं विभागीय प्राथमिकताएं दर्ज नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को एफआरटीए और अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अंतर्गत आने वाले पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध हैं, इसलिए महिला अभ्यर्थियों को विकल्प भरते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा।