Open Badminton Title: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने रविवार को यहां जापान ओपन में शानदार आक्रामक बैडमिंटन खेलते हुए स्थानीय प्रबल दावेदार अकाने यामागुची को सीधे गेम में हराकर पहली बार सुपर 750 टूर्नामेंट का खिताब जीता।
जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी 31 साल की सिंधू ने लगातार आक्रमण के साथ-साथ रणनीतिक अनुशासन और अहम पलों में संयम बनाए रखते हुए तीन बार की विश्व चैंपियन यामागुची को 21-17, 21-17 से हराया और दो साल से अधिक समय बाद अपना पहला खिताब जीता।
सिंधू ने अपना पिछला खिताब 2024 में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय में जीता था। जापान ओपन की यह जीत 2019 में विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद उनकी सबसे बड़ी खिताबी जीत है। यामागुची छठी बार जापान ओपन के फाइनल में खेल रहीं थीं जबकि सिंधू ने पिछले चार साल में किसी पूर्ण मैच में जापान की इस खिलाड़ी को नहीं हराया था।
भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। उन्होंने खेल को शानदार ढंग से नियंत्रित किया और सिर्फ ताकत की जगह रणनीतिक खेल दिखाया। जब भी यामागुची ने वापसी की कोशिश की तो सिंधू ने इसका कड़ा जवाब दिया। मुकाबले में जबरदस्त स्मैश के साथ-साथ सिंधू का नेट पर सटीक खेल भी निर्णायक साबित हुआ। उन्होंने बार-बार शटल को नेट के करीब रखा जिससे यामागुची को शटल को ऊपर उठाने पर मजबूर होना पड़ा और उन्हें अपने पसंदीदा क्रॉस कोर्ट और बॉडी स्मैश लगाने के मौके मिले।