Ram Mandir Daan Chori Live: ‘राजीव गांधी के कार्यकाल में खुला था राम मंदिर का ताला’, कांग्रेस का मोदी सरकार पर बड़ा हमला


अयोध्या : अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है. रिमांड पर लिए गए तीनों आरोपियों लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय से पुलिस ने दिनभर कड़ी पूछताछ की. इसके बाद देर रात उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी बरामदगी की गई है. पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा की गई छापेमारी में तीनों आरोपियों के ठिकानों से नकदी, आभूषण और वाहन बरामद किए गए हैं. आइए इस केस से जुड़ी हर पल की खबर जानने के लिए पढ़ते रहिए न्यूज 18 का ये लाइव ब्लॉग.

‘राम मंदिर ट्रस्ट भंग हो’, कांग्रेस की मांग, PM मोदी से मांगा जवाब

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है. कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस ने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल नहीं उठाए और न ही राम मंदिर के नाम पर कभी वोट मांगे. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में राम मंदिर का ताला खुला था और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान ही रामलला की पूजा शुरू हुई थी, लेकिन कांग्रेस ने कभी इसका राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश नहीं की. दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी करोड़ों राम भक्तों की आस्था पर चोट है और सत्ता के संरक्षण के बिना इतनी बड़ी घटना संभव नहीं हो सकती. कांग्रेस ने इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगने और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर उसकी जिम्मेदारी शंकराचार्यों, साधु-संतों और अयोध्यावासियों को सौंपने की मांग की. साथ ही पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि उसकी मांगें नहीं मानी गईं तो वह इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी.

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का हमला, दीपेंद्र हुड्डा बोले- 43 दिन में 70 बार किसने लूटा?

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस हर धर्म और हर हिंदुस्तानी की आवाज है. उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग अब मंदिरों में हुए कथित घोटालों पर चुप्पी साधे हुए हैं.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस की आज बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस, ‘चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़’ बैनर के साथ करेगी हमला

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस आज बड़ा राजनीतिक हमला बोलने जा रही है. पार्टी मुख्यालय में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मीडिया को संबोधित करेंगे. इस दौरान “चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़” लिखे बैनर के साथ बीजेपी और राम मंदिर ट्रस्ट को घेरने की तैयारी है.

राम मंदिर पर सियासत गरम, पूर्व DGP बृज लाल बोले- अखिलेश मंदिर नहीं जाएंगे, मुस्लिम नाराज़ हो जाएंगे

राम मंदिर और अयोध्या की राजनीति को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृज लाल ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को ही नहीं मानती, जबकि समाजवादी पार्टी ने हमेशा रामभक्तों की आस्था का विरोध किया है. साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के राम मंदिर न जाने को भी मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति से जोड़ते हुए निशाना साधा.

अयोध्या पहुंचे भूपेंद्र चौधरी, बोले- हमारी सरकार का एजेंडा आस्था और विरासत

कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने अयोध्या में संत रामदास को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि सरकार का एजेंडा आस्था और विरासत का सम्मान है, जबकि सपा-कांग्रेस नमाज़ की राजनीति करती है. राम मंदिर चंदा अनियमितता मामले में उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखने और विपक्ष पर दुष्प्रचार का आरोप लगाया.

कल पूरी रात चली थी जांच

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अनुकल्प मिश्रा को उसके घर ले जाकर तलाशी ली और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की. इससे पहले सह-आरोपी लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय के घरों पर भी पुलिस तलाशी अभियान चला चुकी है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के रिश्तेदारों के 30 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है. प्रारंभिक जांच में इन खातों में खाताधारकों की ज्ञात आय से अधिक लेनदेन मिलने की बात सामने आई है.

Ram Mandir Donation Theft: राम मंदिर निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्रा

Ayodhya Ka Ram Mandir : अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा पहुंच गए हैं. महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी. आज से भवन निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक का आगाज हो रहा है, जिसमें पहले दिन पिछली बैठक के एजेंडे की समीक्षा की जाएगी. शुक्रवार को राम जन्मभूमि परिसर में निर्माण कार्यों और 4 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार की प्रगति का सत्यापन किया जाएगा. बैठक में पूर्व महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव शामिल नहीं होंगे, जबकि कार्यकारी महासचिव कृष्ण मोहन अधिकृत रूप से मौजूद रहेंगे.

राम मंदिर में दान गिनने वाले 23 कर्मचारियों का सामूहिक इस्तीफा

अयोध्या के राम मंदिर में दान पात्र की राशि की गणना करने वाले 23 कर्मचारियों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है. ये सभी कर्मचारी कार्यदायी संस्था के माध्यम से मंदिर में तैनात थे और दान पात्र में आने वाली नकदी की गिनती का काम करते थे. जानकारी के अनुसार, दान चोरी मामले के बाद मंदिर प्रशासन ने दान की गणना व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं. पूरी खबर यहां पढ़ें

राम मंदिर में 23 कर्मचारियों का सामूहिक इस्तीफा, दान गिनती के नए नियम बने वजह

अयोध्या के राम मंदिर में दान पात्र की राशि की गणना से जुड़े 23 कर्मचारियों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है. दान चोरी मामले के बाद ट्रस्ट ने नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत अब विशेष रूप से नियुक्त कर्मचारी ही दान की गिनती करेंगे. कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले कपड़े पहनना, पुलिस से चरित्र प्रमाण पत्र जमा करना और अन्य सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है. पहले हाउसकीपिंग स्टाफ से भी दान की गणना कराई जाती थी, जिन्हें वापस हाउसकीपिंग में भेजने की तैयारी थी. नई नियमावली और तय कार्य अवधि (सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे) के बीच 23 कर्मचारियों ने कार्यदायी संस्था को अपना इस्तीफा सौंप दिया.

 

Ram Mandir Daan Case: आज अयोध्या आएंगे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर शुक्रवार को अयोध्या आ रहे हैं. इस बार वह 432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की सौगात देंगे. राम मंदिर में दान चोरी के मामला सामने आने के बाद एक महीने से कम समय में सीएम योगी का यह दूसरा अयोध्या दौरा है. यहां पढ़ें पूरी खबर

Ayodhya Ka Ram Mandir : संपत्ति और आय के स्रोतों पर पुलिस की पैनी नजर

इस मामले में पुलिस केवल बरामदगी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आरोपियों के वित्तीय साम्राज्य को भी खंगाल रही है. पुलिस अब मुख्य रूप से अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित मकान, उसके बैंक खातों व भुगतान के स्रोतों की गहराई से जांच कर रही है. इसके साथ ही मिल्कीपुर रोड स्थित एक जमीन के दस्तावेज और उसकी खरीद-फरोख्त के स्रोतों को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है. दिनभर की कड़ी पूछताछ और देर रात तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं. इसके बाद तीनों आरोपियों को देर रात ही दोबारा जिला जेल में भेज दिया.

Ram Mandir Donation Theft: किस आरोपी से क्या मिला?

लवकुश मिश्रा: आरोपी लवकुश मिश्रा के घर से पुलिस ने करीब 35,000 रुपये नकद और उसके नाम का एक सोने का लॉकेट बरामद किया है.
अनुकल्प मिश्रा: इसके कौशलपुरी स्थित मकान पर की गई छापेमारी में पुलिस को 15,000 रुपये नकद, एक सोने की चेन और वारदात या संपत्ति से जुड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई है.
करुणेश पांडेय: आरोपी करुणेश के किराये के मकान से पुलिस को करीब 10,000 रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है.



Leave a Comment