जागरण संवाददाता, धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में इन दिनों इंज्यूरी रिपोर्ट देने में बड़ा खेल सामने आया है। सेटिंग-गेटिंग से सामान्य मरीजों को भी गंभीर बात कर रिपोर्ट बनाई जा रही है। ताजा मामला झरिया थाना कांड संख्या 76 / 2022 दो पक्षों में मारपीट की है।
अस्पताल में जियलगोरा निवासी फिरोज अंसारी नामक व्यक्ति की फर्जी ग्रेवियस रिपोर्ट बनाने का मामला सामने आया है। झरिया के ही रहने वाले मोहम्मद शाहजहां ने अस्पताल प्रबंधन को पत्र लिखकर संबंधित मरीज को मेडिकल बोर्ड करने की मांग की है। बुधवार को आए लोगों ने अस्पताल में इसे लेकर हंगामा किया। बताया कि यहां सेटिंग करके सामान्य मरीज को भी गंभीर चोट के रिपोर्ट दी जा रही है। मामले की शिकायत आने के बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आ गया है।
प्रारंभिक जांच में ही गड़बड़ी के मामले
शिकायत के बाद अस्पताल प्रबंधन में मामले की जांच शुरू की है। इसकी प्रारंभिक जांच में ही गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिरोज अंसारी मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती हुआ था, लेकिन उसे कोई चोट नहीं आई है, इसका सबूत सीटी स्कैन में है। सीटी स्कैन में नार्मल रिपोर्ट आई है।
जबकि बाद में रिपोर्ट बनाने के दौरान सिटी स्कैन की रिपोर्ट में छेड़छाड़ की गई है और मरीज को काफी गंभीर बता दिया गया है। यह भी बताया गया है कि उसकी नाक टूट गई है। यहीं से बवाल शुरू हुआ है। हालांकि अभी उसकी पूरी रिपोर्ट नहीं बन पाई है।
ग्रेवियस रिपोर्ट बनाने से लिकर मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने तक हो रहा खेल
लोगों की मानें तो अस्पताल में इन दोनों पैसे लेकर कई गलत तरीके की रिपोर्ट बना दिए जा रहे हैं। एक और ग्रेवियस रिपोर्ट, तो दूसरी ओर मेडिकल सर्टिफिकेट में इन दिनों पैसे लेकर काम किया जा रहे हैं। इसके लिए एक संगठित गिरोह अस्पताल में काम कर रहा है। अस्पताल प्रबंधन का भी मानना है कि उन्हें भी इस प्रकार की शिकायत आ रही है।
मामले की शिकायत आई है। अभी कोई फाइनल रिपोर्ट नहीं बन पाया है। कागजों की लाकर जांच की जा रही है।-डा. डीके गिंदौरिया, अधीक्षक, एसएनएमएमसीएच।