SSC स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ और ‘डी’ के 1170 पदों पर होगी भर्ती, वर्गवार डेटा विवरण जारी


राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ व ग्रेड ‘डी’ परीक्षा-2026 के लिए विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सरकारी कार्यालयों में रिक्तियों का विवरण जारी किया है। 1170 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें 1021 पद स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘डी’ तथा 149 पद स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ के हैं।

एसएससी के अनुसार ग्रेड ‘डी’ के 1021 पदों में सबसे अधिक 249 रिक्तियां वित्त मंत्रालय के केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) में हैं।

इसके बाद कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में 118, दूरसंचार विभाग में 103, नौसेना मुख्यालय के नागरिक जनशक्ति व योजना निदेशालय में 74, राजस्व विभाग में 73 तथा खुफिया ब्यूरो में 66 पद उपलब्ध हैं। सीमा सड़क संगठन में भी 60 पदों पर भर्ती की जाएगी।

ग्रेड ‘सी’ के 149 पदों में सर्वाधिक 46 रिक्तियां गृह मंत्रालय के तहत इंटेलिजेंस ब्यूरो में हैं। इसके अलावा राजस्व विभाग में 39, विदेश मंत्रालय में 24 तथा श्रम व रोजगार मंत्रालय में 13 पद निर्धारित किए गए हैं।

भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति केंद्रीय जांच ब्यूरो, चुनाव आयोग, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, भारतीय तटरक्षक बल, पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, प्रवर्तन निदेशालय, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, केंद्रीय सतर्कता आयोग और अन्य कई केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में की जाएगी।

रिक्तियों के वर्गवार आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्रेड ‘डी’ में सामान्य वर्ग के लिए 468, ओबीसी के लिए 233, एससी के लिए 133, ईडब्ल्यूएस के लिए 109 तथा एसटी वर्ग के लिए 78 पद हैं। वहीं ग्रेड ‘सी’ में सामान्य वर्ग के 91, ओबीसी के 24, एससी के 20, ईडब्ल्यूएस के 11 और एसटी वर्ग के तीन पद हैं।



Leave a Comment