अब सवाल यह है कि जब सीएपीएफ कांस्टेबल व असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती में पूर्व अग्निवीरों की लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट नहीं होंगे, इनकी कद काठी भी चेक नहीं होगी तो इनका चयन किस आधार पर होगा।
अग्निपथ योजना के तहत इस वर्ष भारी संख्या में अग्निवीर सेवा मुक्त कर दिए जाएंगे। 4 साल की सेवा के बाद उन्हें घर भेज दिया जाएगा। केंद्र सरकार ने इन पूर्व अग्निवारों को रक्षा क्षेत्र में ही पक्का रोजगार मुहैया कराने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब CAPF और असम राइफल्स में कॉन्स्टेबल GD और राइफलमैन भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा। सीएपीएफ कांस्टेबल व असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए एक अलग कैटेगरी बनेगी। इन्हें अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट मिलेगी। इतना ही नहीं उन्हें लिखित परीक्षा, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) से छूट दी जाएगी।
कैसे होगा चयन, इस पर अभी भी सवाल
लेकिन अब सवाल यह है कि जब सीएपीएफ कांस्टेबल व असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती में पूर्व अग्निवीरों की लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट नहीं होंगे, इनकी कद काठी भी चेक नहीं होगी तो इनका चयन किस आधार पर होगा। इनकी मेरिट किस आधार पर बनेगी। दरअसल मेरिट के नियम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। सरकार ने अभी इसकी जानकारी नहीं दी है। नवंबर 2022 में नेवी में शामिल किए गए लगभग 2,600 अग्निवीरों का पहला बैच इस साल के आखिर में रिटायर हो सकता है और अलग-अलग CAPF बलों में शामिल होने के लिए योग्य हो सकता है।
16 मार्च 2023 को सरकार ने पूर्व-अग्निवीरों के लिए 10% वैकेंसी आरक्षित करने का नोटिफिकेशन जारी किया था, जिसमें सिर्फ फिजिकल टेस्ट से छूट दी गई थी। पिछले एक साल में, सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) जैसी कई फोर्स ने पूर्व-अग्निवीरों के लिए आरक्षण 10% से बढ़ाकर 50% कर दिया है और लिखित व फिजिकल, दोनों तरह के टेस्ट से छूट देने का प्रस्ताव भी रखा है।
MHA ने पूर्व-अग्निवीरों के लिए भर्ती से जुड़े नए फायदों का ऐलान किया
लोकसभा में BJP सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के सवाल का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि सरकार ने CAPFs में कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) और असम राइफल्स में राइफलमैन के पदों पर भर्ती के लिए “पूर्व-अग्निवीरों की एक नई कैटेगरी” बनाई है। मंत्री ने CAPFs और असम राइफल्स में रिटायर अग्निवीरों की भर्ती के लिए कई प्रावधान भी बताए। राय ने लिखित जवाब में कहा, “वैकेंसी में 50% आरक्षण; तय अधिकतम उम्र सीमा में 3 साल की छूट। इसके अलावा, पूर्व-अग्निवीरों के पहले बैच के उम्मीदवारों को तय अधिकतम उम्र सीमा से 5 साल की अतिरिक्त छूट दी जाएगी; और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST), फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) और लिखित परीक्षा से छूट दी जाएगी।”
पूर्व-अग्निवीर विंग
मंत्री ने आगे कहा, “पूर्व-अग्निवीरों के आगे के सफर में तालमेल बिठाने के लिए गृह मंत्रालय के तहत एक खास ‘पूर्व-अग्निवीर विंग’ बनाया गया है। अभी तक अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल पूरा नहीं हुआ है।”
हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान समेत कुछ राज्यों की पुलिस फोर्स ने भी पूर्व-अग्निवीरों के लिए 20% आरक्षण का ऐलान किया है।
केंद्र सरकार ने जून 2022 में अग्निपथ स्कीम का ऐलान किया था। इसका मकसद सेना में भर्ती के पुराने सिस्टम को बदलकर सैनिकों की औसत उम्र कम करना, सेना को ज़्यादा फ़िट बनाना और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम तकनीकी रूप से कुशल लड़ाकू फोर्स तैयार करना था। अग्निपथ स्कीम के तहत सैनिकों को सिर्फ चार साल के लिए भर्ती किया जाता है, जिसमें एक और स्क्रीनिंग के बाद उनमें से 25% को 15 साल के लिए रेगुलर कैडर में बनाए रखने का प्रावधान है।
उत्तराखंड में ‘अग्निवीरों’ के उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य की गारंटी
उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनने जा रहा है, जो अग्निवीरों के लिए समर्पित ‘रोजगार सेल’ स्थापित करेगा।
छत्तीसगढ़ सरकार ने अग्निवीर के लिए किया बड़ा ऐलान
अग्निवीर सैनिकों को अब छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में आरक्षक, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनरक्षक तथा जेल विभाग में प्रहरी के पदों की सीधी भर्ती में 10% आरक्षण का लाभ मिलेगा।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और गुजरात
इन राज्यों ने भी पुलिस और सुरक्षा बलों की भर्तियों में अग्निवीरों के लिए विशेष आरक्षण और आयु सीमा में छूट का प्रावधान किया है `“उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात और उत्तराखंड ने अग्नीवीरों को आरक्षण देने की घोषणा की है।
ओडिशा: राज्य की सेवाओं में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही उम्र सीमा में 5 साल की छूट देने की घोषणा की गई है
मध्य प्रदेश: अग्निवीर जवानों को राज्य की पुलिस और सशस्त्र बलों की भर्ती में आरक्षण दिया जाएगा