जनपद पंचायत सीईओ ने सरपंच-सचिव की लगाई क्लास (ETV Bharat)
छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा की चौरई जनपद पंचायत में ग्रामीण वहां हुए विकास कार्यों में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगा रहे हैं. मामले में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच करने पहुंचे जनपद पंचायत के सीईओ तरुण कुमार राहंगडाले का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. मौके पर मिली भारी अनियमितताओं को देखकर सीईओ ने आपा खो दिया और सरपंच-सचिव की जमकर क्लास लगाई.
घटिया निर्माण कार्य की शिकायतों के बाद औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे सीईओ
चौरई जनपद पंचायत के कुंडा ग्राम में लगातार मिल रही वित्तीय अनियमितताओं और घटिया निर्माण कार्य की शिकायतों के बाद जनपद CEO तरुण कुमार राहंगडाले औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे. जमीनी हकीकत और अधूरे पड़े दस्तावेजों को देखकर अधिकारी का पारा चढ़ गया. उन्होंने सरेआम सरपंच और सचिव को लताड़ते हुए बेहद तल्ख लहजे में कहा, “तुम यहां गंदगी करो और मैं तुम्हारा कचरा समेटने नहीं बैठा हूं.” CEO का यह तीखा बयान मौके पर मौजूद लोगों और मीडिया के कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
सवालों से भागते नजर आए सचिव
जांच के दौरान जब वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने पंचायत सचिव से उनका पक्ष जानना चाहा, तो वे सवालों के जवाब देने से बचते नजर आए. ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्यों के नाम पर निकाली गई करोड़ों की राशि का फिजिकल वेरिफिकेशन कराया जाए.
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार सरपंच, सचिव और सब-इंजीनियर पर गिर सकती है गाज
जनपद सीईओ के कड़े रुख को देखकर लगता है कि आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार सरपंच, सचिव और संबंधित सब-इंजीनियर पर गाज गिर सकती है. यदि वित्तीय गबन के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला पंचायत स्तर पर बड़े वित्तीय घोटाले के रूप में सामने आएगा, जिसमें एफआईआर और रिकवरी की कार्रवाई भी हो सकती है.