Sarkari Naukri 2026: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने असिस्टेंट अकाउंटेंट समेत समूह ‘ग’ के 379 पदों पर भर्ती निकाली है। 26 जुलाई से आयोग की वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
UKSSSC Assistant Accountant Recruitment 2026: कॉमर्स और एकाउंट्स क्षेत्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके अभ्यर्थियों और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तराखंड से एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने अकाउंट्स कैडर के अंतर्गत ग्रुप ‘सी’ की विभिन्न श्रेणियों में 379 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस नोटिस के जरिए राज्य के कई प्रमुख विभागों, कोषागारों और उपक्रमों जैसे जल संस्थान, UPCL आदि में नियुक्तियां की जाएंगी।
किन-किन पदों पर होगी भर्ती और कितनी मिलेगी सैलरी?
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से आयोग लेखा सेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों को भरने जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से अकाउंटेंट, असिस्टेंट अकाउंटेंट, असिस्टेंट अकाउंटेंट/जूनियर ऑडिटर, ऑफिस असिस्टेंट-III (अकाउंट्स) और कैशियर-कम-असिस्टेंट अकाउंटेंट के पद शामिल हैं। इन पदों पर अंतिम रूप से चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार पे लेवल-4 से पे लेवल-6 25,500 रुपये से 1,12,400 रुपये तक का आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण तिथियां
आयोग द्वारा घोषित परीक्षा शेड्यूल के अनुसार महत्वपूर्ण तारीखें इस प्रकार हैं:
नोटिफिकेशन जारी होने की तिथि: 21 जुलाई 2026
ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 26 जुलाई 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 15 अगस्त 2026
फॉर्म में करेक्शन/संशोधन की अवधि: 18 अगस्त से 20 अगस्त 2026
संभावित लिखित परीक्षा तिथि: 12 अक्टूबर 2026
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की शर्तें
शैक्षणिक योग्यता: भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कॉमर्स में स्नातक (B.Com) या BBA अथवा एकाउंटेंसी में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त अधिकांश पदों के लिए कंप्यूटर पर प्रति घंटे 4,000 की-डिप्रेशन (KDPH) की हिंदी टाइपिंग स्पीड भी मांगी गई है।
आयु सीमा: आवेदक की आयु 1 जुलाई 2026 तक 21 वर्ष से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि, उत्तराखंड जल संस्थान में सहायक लेखाकार/कनिष्ठ संप्रेक्षक पद के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है। राज्य के आरक्षित वर्गों को ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार 5 वर्ष तक की छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न
उम्मीदवारों का चयन लिखित प्रतियोगी परीक्षा और टाइपिंग टेस्ट के माध्यम से होगा। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए ¼ अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। क्वालिफाइंग मार्क्स के तहत सामान्य व ओबीसी वर्ग के लिए 45% और एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए 35% अंक लाना जरूरी है। इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।