ग्रेटर नोएडा: खेल के मैदान में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी पहल की है. अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता आसान होने जा रहा है. सरकार ने अलग-अलग विभागों में कुल 49 पदों को स्पोर्ट्स कोटे के तहत रखने का प्रावधान किया है.
खास बात यह है कि इन पदों पर पात्र खिलाड़ियों को सामान्य UPPCS चयन प्रक्रिया के बजाय खेल कोटे के माध्यम से सीधे भर्ती का मौका मिलेगा.
प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले ऐसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, जो प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं, उनके लिए यह महत्वपूर्ण पहल है. खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों को देखते हुए अलग-अलग विभागों में विभिन्न स्तर के पद निर्धारित किए गए हैं. इससे उन खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं.
ओलंपिक से एशियन गेम्स तक पदक विजेताओं को मौका
डॉ. परवेज अली ने बताया कि इस व्यवस्था में ओलंपिक, पैरालंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. अलग-अलग पदों के लिए उनकी खेल उपलब्धि के आधार पर मानक तय किए गए हैं. यानी हर पद के लिए पात्रता और खेल उपलब्धियों का अलग-अलग क्राइटेरिया निर्धारित है.
इस पहल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जिन पदों पर सामान्य तौर पर UPPCS जैसी चयन प्रक्रिया के जरिए भर्ती होती थी, उनमें से निर्धारित पदों को अब डायरेक्ट स्पोर्ट्स कोटे के तहत खिलाड़ियों के लिए रखा गया है. इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के आधार पर सरकारी सेवा में प्रवेश का अवसर मिलेगा.
49 पदों पर अलग-अलग विभागों में भर्ती
उन्होंने बताया कि खेल विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अलग-अलग सरकारी विभागों में कुल 49 पद रखे गए हैं. इनमें सबसे ज्यादा पद खेल विभाग से जुड़े हुए हैं. डिप्टी स्पोर्ट्स ऑफिसर और क्रीड़ा अधिकारी के 23 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा परिवहन विभाग में एक पद और क्षेत्रीय वन अधिकारी के दो पद रखे गए हैं.
वहीं, क्रीड़ा अधिकारी के लिए नौ पद, आरएसओ के पांच पद और युवा कल्याण अधिकारी के पद भी इस व्यवस्था में शामिल हैं. खिलाड़ियों के लिए शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े पदों पर भी अवसर दिया गया है. सहायक विद्यालय निरीक्षक के दो पद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का एक पद और प्रांतीय सेवा के ग्राम विकास खंड अधिकारी के तीन पद निर्धारित किए गए हैं. इस तरह अलग-अलग विभागों में कुल 49 पदों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के पात्र खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी हासिल करने का मौका मिलेगा.
पैरा खिलाड़ियों के लिए भी खुला रास्ता
इस भर्ती प्रक्रिया में पैरा खिलाड़ियों को भी अवसर दिया गया है. डॉ. परवेज अली ने बताया कि पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी निर्धारित मानकों को पूरा करने पर स्पोर्ट्स कोटे के तहत आवेदन कर सकते हैं. यानी खेल उपलब्धियों के आधार पर पैरा खिलाड़ियों को भी सरकारी सेवा में आने का मौका मिलेगा. इससे उन खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्होंने शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है. सरकार की यह पहल खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ भविष्य की नौकरी को लेकर भी सुरक्षा देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.
8 अगस्त तक करना होगा आवेदन
डॉ. परवेज अली ने बताया कि पात्र खिलाड़ियों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 8 अगस्त रखी गई है. इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित समय से पहले संबंधित विभाग या खेल निदेशालय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. इसके बाद खिलाड़ियों के दस्तावेज और खेल उपलब्धियों का सत्यापन किया जाएगा. वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र खिलाड़ियों की सीधी भर्ती की जाएगी. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके यूपी के खिलाड़ियों के लिए यह सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर है.
सरकार की इस पहल से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है खिलाड़ियों को यह भरोसा मिलेगा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतने के बाद उनके खेल करियर के साथ भविष्य के लिए सरकारी सेवा का रास्ता भी खुल सकता है. इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में भी बड़े मंच पर पदक जीतने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ेगा.