कल का मौसम, 10 जुलाई: शुक्रवार को भी दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर बंगाल तक मूसलाधार बारिश, 13 राज्यों में IMD का अलर्ट, Weather Hindi News


IMD ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में भी पहुंच गया है। IMD ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पूरे देश में पहुंचने में एक दिन की देरी हुई है। आम तौर पर 8 जुलाई को देशभर में इसका आगमन हो जाता है।

IMD Rain Weather Forecast, Kal Ka Mausam 10 July : दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुरुवार को राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ते हुए पूरे देश में फैल चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में एक स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से कल यानी 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कल उत्तराखंड में ‘अत्यधिक भारी’ बारिश का भी रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 10 जुलाई को 13 राज्यों के लिए भारी बारिश का रेड से ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

IMD ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मेघालय में अत्यधिक बारिश दर्ज की गयी है। वहीं पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों, तमिलनाडु, कोंकण, केरल और त्रिपुरा में अत्यधिक बारिश हुई है। केरल, मराठवाड़ा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान भी देखा गया। विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 जुलाई तक व्यापक बारिश जारी रह सकती है।

हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश

IMD ने कल 10 जुलाई के लिए हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने उत्तराखंड तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल अत्यधिक बारिश के कारण भूस्खलन, कीचड़ के बहाव और निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी जारी करते हुए अचानक बाढ़ का खतरा जताया है। IMD ने कल के लिए उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल जिलों में भूस्खलन और बाढ़ की चेतावनी जारी की है। इसके विपरीत, आज से देश के मध्य हिस्सों (महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश) में और कल से दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियों में काफी कमी आने के आसार जताए हैं।

कल कहां-कहां भारी बारिश

IMD के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इनमें सबसे आगे उत्तराखंड का नाम है। विभाग ने कहा है कि उत्तराखंड के कई जिलों (गढ़वाल पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल) में भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ (Flash Flood) का खतरा है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, पौडी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल एवं चम्पावत जिलों के कुछ स्थानों में अतिवृष्टि तथा कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने एवं तेज बारिश होने के दृष्टिगत लेगों से सावधानी बरतने की अपील की है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी इसके लिए निर्देश जारी किये हैं।

पूर्वोत्तर भारत का क्या हाल?

IMD ने कहा है कि पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा समेत उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने उत्तर और मध्य भारत के पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं बिहार में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली और NCR का क्या हाल?

मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में कल (10 जुलाई) आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह या दोपहर से पहले कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली कड़कने की संभावना है। यहाँ अधिकतम तापमान 33°C से 35°C के बीच रह सकता है। IMD ने कहा है कि दिन में दिल्ली में हवा की गति 18 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी जो रात में बढ़कर 25-30 किमी प्रति घंटे हो सकती है। वहीं, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।



Leave a Comment