गंभीर-कोहली में अनबन की अफवाहों पर एक करीबी ने तोड़ी चुप्पी, रोहित के फ्लॉप शो पर भी दिया बड़ा बयान – bating coach sitanshu kotaks big revelation on gambhir-kohli rift rumors also comments on rohit sharmas form


भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच अनबन की खबरों को पूरी तरह से गलत बताया है और कहा है कि दोनों नियमित बातचीत करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा का बचाव करते हुए कहा कि उन पर कोई दबाव नहीं है और वे एक मैच-विजेता खिलाड़ी हैं।

Virat Kohli and Gautam Gambhir Relations
रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर(फोटोAP)
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच मतभेदों या किसी भी तरह की दरार की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ किया कि दोनों के बीच कामकाजी रिश्ते बिल्कुल सामान्य हैं और वे लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं। दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के दौरान ट्रेनिंग सेशन के कुछ वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इन दोनों दिग्गजों के रिश्तों को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया था, क्योंकि फैंस का दावा था कि अभ्यास के दौरान दोनों एक-दूसरे से बात नहीं कर रहे हैं। यह बहस तब से और ज्यादा बढ़ गई है जब पिछले साल कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।

क्या बोले टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच?

एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे से ठीक पहले नेट्स पर एक नजारा दिखा था, जहां कोहली बल्लेबाजी कर रहे थे और गौतम गंभीर थोड़ी ही दूरी से बिना कुछ बोले उन्हें देख रहे थे। उसी दौरान बैटिंग कोच कोटक को कोहली से लंबी बातचीत करते देखा गया, जिसने इंटरनेट पर अफवाहों को और हवा दे दी। इस पूरी स्थिति पर हंसते हुए बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा, ‘नहीं, विराट और गौतम के बीच आज ही करीब 10 बार बातचीत हुई होगी। मुझे नहीं लगता कि उन दोनों के बीच किसी को पुल बनने की जरूरत है।’

कोटक ने कोहली के साथ हुई अपनी बातचीत का खुलासा करते हुए कहा, ‘बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले उन्होंने मुझसे कुछ चीजें साझा की थीं। ईमानदारी से कहूं तो एक बैटिंग कोच के तौर पर, जब तक खिलाड़ी खुद कुछ महसूस न करे या कोई बड़ी कमी न दिखे, उनकी बल्लेबाजी में दखल नहीं देना चाहिए। उन्होंने मुझसे फुटवर्क को लेकर कुछ सवाल किए थे और नेट्स खत्म होने के बाद भी वह मुझसे बात कर रहे थे। मुझे नहीं पता कि ये अफवाहें कहाँ से आती हैं, लेकिन ये आ जाती हैं।’

खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा का किया बचाव

बैटिंग कोच कोटक ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का भी समर्थन किया, जो इस समय इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में रोहित की यह कमजोरी एक बार फिर उजागर हुई, जहां भारतीय टीम पावरप्ले में 61/1 के मजबूत स्कोर पर थी, लेकिन रोहित 18 गेंदों में सिर्फ 10 रन ही बना सके थे। इसके बाद वे 47 गेंदों में 26 रन बनाकर विल जैक्स की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए। इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी है। जब कोटक से पूछा गया कि क्या रोहित शर्मा पर इस खराब फॉर्म के कारण कोई दबाव है, तो उन्होंने साफ कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि रोहित जैसा महान खिलाड़ी किसी भी तरह का दबाव महसूस कर सकता है। वे इस दबाव से कहीं ऊपर हैं। हां, वे पिछले दो मैचों में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आज भी ऐसा लग रहा था कि वे एक बड़ी पारी खेलेंगे, पर क्रिकेट में ऐसा होता रहता है।’

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।

और पढ़ें