नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को ‘आईसीसी हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया है। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नामों ने उन्हें बधाई दी। गांगुली प्रतिष्ठित ‘आईसीसी हॉल ऑफ फेम’ में शामिल होने वाले 12वें भारतीय क्रिकेटर हैं।
गांगुली को यह सम्मान उनके 54वें जन्मदिन के मौके पर मिला, जिससे पूर्व कप्तान के शानदार क्रिकेट सफर में एक और यादगार अध्याय जुड़ गया है।
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने सौरव गांगुली को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स पर बधाई देते हुए लिखा, “बधाई हो कप्तान। यह घोषणा सुनकर खुशी हुई।”
2000 के दशक की शुरुआत में गांगुली की टीम का हिस्सा रहे पूर्व क्रिकेट युवराज सिंह ने लिखा, “आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर बधाई हो दादा। आप इसके पूरी तरह हकदार हैं। आपने सिर्फ एक टीम ही नहीं बनाई, बल्कि क्रिकेटर्स की एक पीढ़ी में भरोसा भी जगाया। आपकी कप्तानी में खेलने और जीवन भर स्मरण रहने वाली यादें बनाने के लिए मैं आभारी हूं। एक बार फिर बधाई।”
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी अपने ओपनिंग पार्टनर को बधाई देते हुए लिखा, “जब हम 14 साल के थे, तब से एक-दूसरे को जानते हैं, इसलिए अब ज्यादा हैरानी वाली बातें नहीं बची हैं। यह भी उनमें से एक नहीं थी। बधाई हो सौरव गांगुली। आपको आईसीसी हॉल ऑफ फेम में देखकर बहुत खुशी हुई।”
भारत के सबसे असरदार कप्तानों में शुमार गांगुली ने 113 टेस्ट और 311 वनडे मैच खेले और इन दोनों फॉर्मेट में क्रमशः 7,212 और 11,363 रन बनाए। बल्लेबाजी में कामयाबियों के अलावा, उन्हें 2000 के दशक की शुरुआत में भारतीय क्रिकेट में निडर खिलाड़ियों की पीढ़ी को सपोर्ट करने और टीम को वनडे वर्ल्ड कप 2003 के फाइनल तक पहुंचाने का श्रेय दिया जाता है।
गांगुली से पहले ‘आईसीसी हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किए गए भारतीयों में बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़, डायना एडुल्जी, वीरेंद्र सहवाग, नीतू डेविड और एमएस धोनी शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|