भारत के लिए सबसे लंबा इंटरनेशनल क्रिकेट करियर; सचिन तेंदुलकर के साथ टॉप-3 में पहुंचे रोहित शर्मा, Cricket Hindi News


रोहित शर्मा ने भारत के लिए सबसे ज्यादा समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर के साथ टॉप-3 में जगह बना ली है। हिटमैन का डेब्यू 2007 में हुआ था।

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में कुछ कमाल तो नहीं कर पाए, मगर मैदान पर उतरते ही उन्होंने एक बड़ा कारनामा जरूर कर दिखाया। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। जी हां, उन्होंने टॉप-3 में सचिन तेंदुलकर के साथ जगह बनाई है, जिनके नाम सिर्फ भारत के लिए नहीं बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे लंबे करियर का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। सचिन तेंदुलकर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 24 साल दिए हैं। वहीं रोहित शर्मा को भी अब 19 साल से ज्यादा इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हुए हो गए हैं।

2007 में हुआ था रोहित शर्मा का डेब्यू

रोहित शर्मा का इंटरनेशनल डेब्यू वनडे क्रिकेट क्रिकेट में हुआ था। जी हां, 23 जून 2007 को उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था। वहीं इसी साल उनका टी20 डेब्यू भी हुआ था। हिटमैन का टी20 डेब्यू बेहद खास था क्योंकि यह मैच इंग्लैंड के खिलाफ 2007 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान का था जब युवराज सिंह ने 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए थे। भारत इस टूर्नामेंट को जीतने में सफल रहा था।

वहीं रोहित शर्मा को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने में काफी समय लग गया था। उनका रेड बॉल क्रिकेट डेब्यू 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुआ था।

हिटमैन अब टेस्ट और टी20 क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और सिर्फ वनडे क्रिकेट में ही एक्टिव हैं।

सचिन और रोहित के बीच ये नाम

रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे 19 साल 21 दिन की उम्र में खेला। उनसे लंबा करियर मोहिंदर अमरनाथ का रहा है, जिन्होंने 19 साल 310 दिन तक भारतीय टीम को अपनी सेवाएं दी है। अगर रोहित शर्मा अगले साल होने वाला 2027 वर्ल्ड कप खेलने में कामयाब रहते हैं तो वह मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड तोड़ सचिन तेंदुलकर के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा देर तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।

भारत के लिए सबसे लंबा इंटरनेशनल क्रिकेट करियर

24 साल 1 दिन – सचिन तेंदुलकर

19 साल 310 दिन – मोहिंदर अमरनाथ

19 साल 21 दिन – रोहित शर्मा*

19 साल – लाला अमरनाथ

18 साल 250 दिन – आशीष नेहरा

18 साल 214 दिन – एस वेंकटराघवन

18 साल 191 दिन – अनिल कुंबले

रोहित शर्मा का करियर

रोहित शर्मा ने 67 टेस्ट, 286 वनडे और 159 टी20 समेत कुल 512 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। जिसमें उनके नाम 20236 रन दर्ज हैं। हिटमैन अपने करियर में अभी तक 50 शतक लगा चुके हैं। वह इंटरनेशनल करियर में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-10 में हैं।



Leave a Comment