पीटीआई, बर्मिंघम। भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट और वनडे प्रारूप के कप्तान शुभमन गिल ने वनडे प्रारूप को घटाकर 40 ओवर करने के विचार को सोमवार को सिरे से खारिज कर दिया और इस संघर्षरत फॉर्मेट को फिर से जीवंत करने के लिए और अधिक ट्राई सीरीज या चार देशों की सीरीज आयोजित करने का सुझाव दिया।
टी-20 और उसके साथ फ्रेंचाइजी-मॉडल क्रिकेट की भीड़ में वनडे के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। हाल ही में एडिनबर्ग में हुई आईसीसी की वार्षिक बैठक के दौरान 40-ओवर वाले वनडे प्रारूप की ओर बढ़ने की संभावना पर भी चर्चा हुई थी।
शुभमन गिल ने वनडे फॉर्मेट पर दिया बड़ा बयान
मंगलवार को इंग्लैंड के विरुद्ध भारत के पहले वनडे से पहले जब गिल से 50-ओवर के क्रिकेट के भविष्य के बारे में सवाल पूछा गया तो गिल ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह 40 ओवर का होना चाहिए। उन्होंने लोगों की इस प्रारूप में दिलचस्पी बढ़ाने के लिए त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय सीरीज की वकालत की।
विश्व कप की तैयारी के लिए अहम: गिल
इस तरह की सीरीज 2000 के दशक के मध्य तक एक आम बात थी। गिल ने 2027 वनडे विश्व कप लेकर कहा कि इसकी तैयारी बहुत जरूरी है। हमारी सोच यह है कि दक्षिण अफ्रीका में हमें जो संयोजन और पिच मिलेंगी, वे वैसी ही होंगी जैसी हम यहां खेलते हैं।