यमुनानगर। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्यव्यापी आह्वान पर जिले के सभी दमकल स्टेशनों के कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही। कर्मचारी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मुख्य दमकल केंद्र पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए 13 मई को सरकार और यूनियन के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते को बिना किसी शर्त लागू करने की मांग की।
जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने नियमित सरकारी नौकरी देने के लिखित आश्वासन से पीछे हटकर पे-रोल पर कार्यरत दमकल कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की है। कर्मचारी वर्षों से अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें स्थायी सरकारी सेवा का अधिकार मिलना चाहिए।
यूनियन के राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि 13 मई को हुए समझौते में फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद दमकल कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नियमित सरकारी नौकरी, सभी पे-रोल फायरमैन और चालकों को नियमित करने, पांच वर्षों के वेतन वृद्धि एरियर का भुगतान करने और पांच वर्ष से कम सेवा वाले एचकेआरएनएल कर्मचारियों को पे-रोल पर लेकर रोजगार सुरक्षा देने पर सहमति बनी थी।
इसके अलावा कर्मचारियों को पांच हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता, पुलिस की तर्ज पर 7500 रुपये वर्दी भत्ता तथा नियमित कर्मचारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर नीति में राहत देने की मांग भी समझौते में शामिल थी। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार समझौते को लागू करने के बजाय उन्हें गुमराह कर रही है। गुलशन भारद्वाज, विजय कुमार, वीरेंद्र धीमान ने कहा कि 11 अगस्त को रोहतक के सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में राज्य कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें आंदोलन को और तेज करने की रणनीति बनाई जाएगी। मौके पर तेजिंदर सिंह, विक्रम सिंह, कमलजीत, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, विनोद कुमार, मोहनलाल, हरमिंदर सिंह, विक्की वालिया, सतनाम, सतीश, गोल्डी, अमरीक उपस्थित रहे।